Thursday, July 9, 2026
HomeBiharड्यूटी पर तैनात गार्ड की संदिग्ध हालात में मौत, रोड रॉलर से...

ड्यूटी पर तैनात गार्ड की संदिग्ध हालात में मौत, रोड रॉलर से कुचलने का दावा

कोंच। परैया थाना क्षेत्र के परैया गांव में बुधवार रात एक निर्माण स्थल पर कार्यरत सिक्योरिटी गार्ड की मौत के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। मृतक की पहचान चतुरी बिगहा निवासी इंद्रदेव यादव उर्फ नेता जी के 45 वर्षीय पुत्र प्रमोद यादव के रूप में हुई है। घटना को लेकर जहां प्रारंभिक तौर पर रोड रॉलर की चपेट में आने से मौत की बात कही जा रही है, वहीं परिजनों ने घटना पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार प्रमोद यादव पिछले करीब नौ माह से केसीसी कंपनी में रात्रि पाली में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। बुधवार की रात भी वे परैया स्थित रेलवे चौड़ीकरण निर्माण कार्य स्थल पर ड्यूटी पर मौजूद थे। बताया जाता है कि रात करीब 9:30 बजे भोजन करने के दौरान निर्माण कार्य में लगा एक रोड रॉलर उनकी ओर बढ़ गया और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हुआ और डीएसपी सुशांत कुमार चंचल के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक प्रमोद यादव अपने परिवार के प्रमुख कमाने वाले सदस्य थे। उनके तीन पुत्र हैं और उनके निधन से परिवार के सामने आर्थिक एवं सामाजिक संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है तथा लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

परिजनों का कहना है कि घटना की गहराई से जांच की जाए, क्योंकि उन्हें केवल दुर्घटना की कहानी पर भरोसा नहीं है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Most Popular

error: Content is protected !!