बेलागंज। नगर प्रखंड स्थित 20 सूत्री कार्यालय में शुक्रवार को प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष काशिफ अंसारी के नेतृत्व में नवपदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रदीप कुमार चौधरी एवं अंचलाधिकारी सौरव कुमार का संयुक्त रूप से स्वागत एवं शिष्टाचार मुलाकात कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 20 सूत्री सदस्यों ने दोनों अधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया और प्रखंड के विकास कार्यों को गति देने की अपेक्षा जताई।कार्यक्रम में 20 सूत्री उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता, सदस्य पूजन प्रसाद, रंजीत कुशवाहा, अनिल सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सदस्यों ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए प्रखंड एवं अंचल क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की। साथ ही प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर बल दिया।सम्मान से अभिभूत नवपदस्थापित बीडीओ प्रदीप कुमार चौधरी एवं अंचलाधिकारी ने 20 सूत्री समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, 20 सूत्री समिति तथा आम लोगों के सहयोग की आवश्यकता है।अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्याओं का नियमानुसार और प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा तथा विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों के सफल क्रियान्वयन में सभी के सहयोग से बेहतर परिणाम हासिल किए जाएंगे।
