Wednesday, July 29, 2026
HomeBiharसावन मेले की तैयारियों का SDM-DSP ने लिया जायजा, बाँके धाम में...

सावन मेले की तैयारियों का SDM-DSP ने लिया जायजा, बाँके धाम में सुरक्षा के लिए लगेंगे CCTV

शेरघाटी।बाँकेबाज़ार में आगामी सावन मेले को लेकर बाँके धाम में प्रशासनिक तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। मेले के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार एवं डीएसपी संदीप कुमार ने संयुक्त रूप से मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेयजल,बिजली, शौचालय, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, आवागमन व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं वन विभाग के अधिकारियों को मेला क्षेत्र में स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
एसडीएम मनीष कुमार ने कहा कि सावन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी आवश्यक तैयारियाँ समय पर पूरी की जा रही हैं और पूरे मेला परिसर की लगातार निगरानी की जाएगी।

डीएसपी संदीप कुमार ने बताया कि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

निरीक्षण के दौरान को-ऑर्डिनेटर सूरज कुमार, डॉ. उदय कुमार, पीएचईडी विभाग के जूनियर इंजीनियर शुभम कुमार, बाँकेबाज़ार थानाध्यक्ष पवन कुमार, वन विभाग के रेंजर ऋषिकेश कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का कहना है कि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

Most Popular

error: Content is protected !!