खिजरसराय।विश्व मानव व्यापार निषेध दिवस के अवसर पर गुरुवार को खिजरसराय प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय, सरबहदा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती भारती कुमारी के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान सरबहदा थाना से सब इंस्पेक्टर रणजीत तिवारी, सब इंस्पेक्टर स्नेहा कुमारी तथा पांच पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।
वहीं सरबहदा थाना परिसर में सब इंस्पेक्टर स्नेहा कुमारी की अध्यक्षता में पुलिसकर्मियों को कवच परियोजना के प्रखंड समन्वयक गौतम कुमार ने मानव व्यापार, बाल श्रम एवं बंधुआ मजदूरी के खिलाफ जागरूकता की शपथ दिलाई।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मानव व्यापार, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर कविता, भाषण एवं जागरूकता प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन श्री सिद्धार्थ कुमार ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मानव व्यापार, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी समाज के लिए गंभीर चुनौती हैं तथा इन कुरीतियों को समाप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम शिक्षा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक आलोक कुमार, अविनाश कुमार, सतीश कुमार, अनिल कुमार, जुली कुमारी, प्रियंका कुमारी, राहुल कुमार, रासु नाथ सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में प्रधानाध्यापिका भारती कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया और सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने मानव व्यापार, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी के उन्मूलन तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का अधिकार दिलाने की सामूहिक शपथ ली।
इस अवसर पर उत्कृष्ट पेंटिंग बनाने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र (सर्टिफिकेट) देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय में जागरूकता एवं शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए प्रधानाध्यापिका भारती कुमारी को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साह और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।
