Monday, August 3, 2026
HomeBihar15 अगस्त को वजीरगंज के 73 भूमिहीनों को मिलेगा बसावट का पर्चा,...

15 अगस्त को वजीरगंज के 73 भूमिहीनों को मिलेगा बसावट का पर्चा, अंचल कार्यालय में पूरी हुई तैयारी

अंचलाधिकारी प्रकाश कुमार ने कहा – स्वतंत्रता दिवस पर भूमिहीनों को वासयोग्य भूमि का बंदोबस्ती पर्चा देकर बसाया जाएगा

वजीरगंज।बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अभियान बसेरा-2 के तहत आगामी 15 अगस्त 2026 को अंचल क्षेत्र वजीरगंज के भूमिहीन परिवारों को बड़ी राहत मिलने वाली है। इस योजना के अंतर्गत अति महत्वपूर्ण वासयोग्य भूमि का बंदोबस्ती कर भूमिहीनों को बसाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।इस संबंध में जानकारी देते हुए अंचलाधिकारी प्रकाश कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अंचल क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के चिन्हित 73 भूमिहीन परिवारों को जमीन का बंदोबस्ती पर्चा देकर बसाया जाएगा। इसके लिए अंचल कार्यालय वजीरगंज में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लाभार्थियों की सूची अंतिम रूप से तैयार कर ली गई है और जमीन की मापी, सत्यापन एवं दस्तावेजों की जांच का कार्य भी पूरा हो चुका है।
अंचलाधिकारी ने बताया कि सरकार का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक भूमिहीन परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। अभियान बसेरा-2 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिन भूमिहीनों के पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है, उन्हें सरकारी भूमि पर वासयोग्य भूमि का बंदोबस्ती देकर आवास निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में इन 73 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से बंदोबस्ती का कागज सौंपा जाएगा। कार्यक्रम में प्रशासनिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
अंचलाधिकारी ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे समय पर अंचल कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पर्चा प्राप्त करें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

Most Popular

error: Content is protected !!