बेलागंज। बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ, बेलागंज इकाई की ओर से प्रखंड संसाधन सेवी (पीएम पोषण) बाल्मीकि प्रसाद के स्थानांतरण पर विदाई एवं प्रखंड कार्यालय में नवपदस्थापित अधिकारियों के स्वागत में सम्मान समारोह का आयोजन प्रखंड कार्यालय के सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख कांति देवी ने की, जबकि संचालन शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद ने किया। समारोह में शिक्षकों ने बाल्मीकि प्रसाद के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा एक अधिकारी के बजाय बड़े भाई की तरह शिक्षकों के साथ व्यवहार किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके स्थानांतरण से बेलागंज के शिक्षकों को उनकी कमी लंबे समय तक महसूस होगी। साथ ही नवपदस्थापित प्रखंड संसाधन सेवी (पीएम पोषण) श्रीमती चम्पा कली से अपेक्षा जताई गई कि वे बाल्मीकि प्रसाद की कार्यशैली और सहयोगात्मक वातावरण को आगे बढ़ाएंगी। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यक्रम में पूर्व सूचना के बावजूद अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे शिक्षकों के प्रति असंवेदनशीलता एवं लापरवाही बताया। इसके अलावा कुछ शिक्षकों ने आरोप लगाया कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शिक्षकों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं तथा उनका व्यवहार भी उचित नहीं रहता है। इस मुद्दे को भी समारोह में प्रमुखता से उठाया गया। समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार राय, अंचलाधिकारी सुधीर कुमार तिवारी, प्रखंड प्रमुख कांति देवी, बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद कुमार भारती, प्रियंका कुमारी, अरुण कुमार, राज किशोर शर्मा, सियाराम चौधरी, मोहम्मद बाबर अंसारी, इंदु कुमारी, संगीता कुमारी, अफरोज आलम, मुमताज समेत बड़ी संख्या में शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
