खिजरसराय संवाददाता।खिजरसराय स्थित दुर्गा हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना के दो दिन बाद मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे अस्पताल को सील कर दिया। मृतका की पहचान महकार थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी 24 वर्षीय लालसा देवी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान लालसा देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में शव रखकर करीब एक से दो घंटे तक हंगामा किया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि महिला की मौत के बाद डॉक्टर एवं अस्पताल प्रबंधन मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए डॉ. शाहरुख खान की मौजूदगी में, अंचल अधिकारी केशव किशोर, खिजरसराय थानाध्यक्ष गिरधर उपाध्याय तथा स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम की निगरानी में दुर्गा हॉस्पिटल को सील कर दिया।
प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में बिना निबंधन (रजिस्ट्रेशन) के संचालित निजी अस्पतालों एवं क्लिनिकों की जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। नियमों का उल्लंघन कर मरीजों की जान जोखिम में डालने वाले अस्पतालों तथा फर्जी चिकित्सकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद खिजरसराय क्षेत्र में संचालित अवैध अस्पतालों और क्लिनिकों में हड़कंप मच गया है। वहीं अधिकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
