बेलागंज।+2 आज़ाद हाई स्कूल रेवाड़ा, चाकंद के प्रधानाचार्य एवं पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एस. नेयाज उद्दीन को झारखंड जूनियर गर्ल्स राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का मुख्य चयनकर्ता (चीफ सेलेक्टर) नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर गया जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है।
झारखंड जूनियर गर्ल्स राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के चयन के लिए 7 और 8 अगस्त को रांची स्थित खेलगांव में चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों की प्रतिभाशाली महिला फुटबॉल खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। चयन प्रक्रिया की जिम्मेदारी एस. नेयाज उद्दीन के नेतृत्व में संपन्न होगी। एस. नेयाज उद्दीन स्वयं पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी रहे हैं और देश के प्रतिष्ठित मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब, कोलकाता का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। खेल के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, तकनीकी समझ और योगदान को देखते हुए झारखंड फुटबॉल संघ ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष झारखंड जूनियर गर्ल्स टीम ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। इस बार भी टीम से अपने खिताब की रक्षा करने की उम्मीद जताई जा रही है। एस. नेयाज उद्दीन की नियुक्ति पर गया के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विभिन्न खेल संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से एक मजबूत टीम का गठन होगा, जो राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन करेगी।
