Friday, August 7, 2026
HomeBiharगया में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 9 सदस्यीय गिरोह गिरफ्तार, 15...

गया में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 9 सदस्यीय गिरोह गिरफ्तार, 15 मोबाइल, 6 लैपटॉप, 22 एटीएम कार्ड समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद

गया।गया पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित साइबर ठगी गिरोह के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से 15 मोबाइल फोन, छह लैपटॉप, 22 एटीएम/डेबिट-क्रेडिट कार्ड, 500 जीबी हार्ड डिस्क, वाई-फाई मशीन, लैपटॉप चार्जर, माउस, नोटबुक और 9,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी बताए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 6 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि व्हाइट हाउस कंपाउंड रोड संख्या-6 स्थित मोतीमणि अपार्टमेंट के चौथे तल पर किराये के फ्लैट में कुछ बाहरी लोग संगठित गिरोह बनाकर साइबर ठगी कर रहे हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक नगर-2, साइबर थाना, रामपुर थाना एवं तकनीकी शाखा की संयुक्त टीम ने फ्लैट संख्या-04 (सी) में छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही फ्लैट में मौजूद लोग लैपटॉप और मोबाइल बंद करने लगे, जिसके बाद सभी नौ लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान छह लैपटॉप, 15 मोबाइल फोन, 22 विभिन्न बैंकों के एटीएम/डेबिट-क्रेडिट कार्ड, पांच हाथ घड़ी, 500 जीबी हार्ड डिस्क, चार लैपटॉप चार्जर, पांच माउस, वाई-फाई मशीन, एक्सटेंशन वायर, नोटबुक तथा 9,500 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे अमेज़न, फ्लिपकार्ट समेत विभिन्न ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के फर्जी कस्टमर केयर बनकर लोगों को फोन करते थे। इसके लिए वे AnyDesk, UltraViewer, Port SIP Client और अन्य रिमोट एक्सेस एप्लिकेशन का इस्तेमाल कर पीड़ितों के मोबाइल या कंप्यूटर का एक्सेस हासिल करते थे। इसके बाद फर्जी आईडी बनाकर ग्राहकों को सहायता देने के बहाने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, लिंक और ओटीपी प्राप्त कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।
इस मामले में रामपुर थाना में कांड संख्या 472/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Most Popular

error: Content is protected !!