गया। भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने कोतवाली स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान शहीद स्मारक पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को नमन किया गया।
इसके बाद सभी कार्यकर्ता भुई राम, जगन्नाथ मिश्रा एवं धामी टोला स्थित कैलाश राम के स्मारक तथा गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पहुंचे, जहां पुष्प अर्पित कर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि 9 अगस्त 1942 भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक ऐतिहासिक दिन है। इसी दिन महात्मा गांधी ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध “करो या मरो” का आह्वान किया था, जिसने पूरे देश में स्वतंत्रता की अलख जगा दी। लाखों देशभक्त आंदोलन में कूद पड़े, हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने जेल की यातनाएं सहीं और अनेक वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
उन्होंने कहा कि अमर शहीदों का त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए सदैव समर्पित रहना चाहिए।
वहीं राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता ने कहा कि आजादी हमें विरासत में नहीं मिली, बल्कि अनगिनत वीरों के संघर्ष, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता की रक्षा के लिए सदैव सजग रहे तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “अमर शहीद अमर रहें” के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता राणा रणजीत सिंह, विजय प्रसाद उर्फ काला नाग, संतोष ठाकुर, अजय नारायण सिंह उर्फ मुन्ना जी, हीरा यादव, मंटू कुमार, बबलू गुप्ता, महेश यादव, रामविलास उर्फ गुड्डू साव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
