Friday, August 14, 2026
HomeBiharकंचनपुर प्राथमिक विद्यालय में एमडीएम व्यवस्था पर सवाल, बच्चों ने बताया खाना...

कंचनपुर प्राथमिक विद्यालय में एमडीएम व्यवस्था पर सवाल, बच्चों ने बताया खाना खाने लायक नहीं

बेलागंज।बेलागंज प्रखंड के कंचनपुर प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। विद्यालय के बच्चों और ग्रामीणों ने भोजन की गुणवत्ता, फल वितरण और उपस्थिति दर्ज करने में अनियमितता का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
विद्यालय के बच्चों के अनुसार, नई प्रधानाध्यापिका के आने के बाद से एमडीएम की गुणवत्ता लगातार खराब हुई है। बच्चों का आरोप है कि भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुरूप नहीं दिया जाता। गुरुवार को परोसा गया खाना इतना खराब था कि अधिकांश बच्चों ने उसे खाने से इनकार कर दिया और तैयार भोजन फेंकना पड़ा। शुक्रवार को फल के रूप में दिए गए केले भी खराब बताए गए। बच्चों का कहना था कि कई केले में कीड़े लगे थे और वे खाने योग्य नहीं थे। विद्यालय में भोजन वितरण की व्यवस्था पर भी सवाल उठाया गया है। बच्चों के अनुसार, एक ही थाली में दो-तीन बच्चों को भोजन कराया जाता है। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में वास्तविक उपस्थिति 20-25 बच्चों के आसपास रहने के बावजूद 100 से अधिक बच्चों की उपस्थिति दर्ज की जाती है। इस संबंध में प्रधानाध्यापिका संगीता कुमारी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विद्यालय में सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ हैं और किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। हालांकि, बच्चों के बयान और मौके की पड़ताल से एमडीएम व्यवस्था में कई सवाल सामने आए हैं। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

Most Popular

error: Content is protected !!