Friday, August 14, 2026
HomeBiharजमीन विवाद में मारपीट के दौरान हुए हत्या के मामले की महिला...

जमीन विवाद में मारपीट के दौरान हुए हत्या के मामले की महिला आरोपी गिरफ्तार

बेलागंज। चाकंद थाना की पुलिस ने थाना में दर्ज कांड संख्या 176/25 के अनुसंधान के क्रम में एक नामजद महिला अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार महिला कुमरबिगहा गांव की रहने वाली बताई गई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कुमरबिगहा निवासी सुरेश यादव ने चाकंद थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि जमीन विवाद को लेकर सरपंच की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच पंचायती हुई थी। पंचायती समाप्त होने के बाद सरपंच सहित अन्य लोग वहां से चले गए। इसके बाद विपक्षी दिनेश यादव अपनी पत्नी के साथ उनके दरवाजे पर पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा। आवेदन में सुरेश यादव ने आरोप लगाया कि विवाद बढ़ने पर दिनेश यादव की पत्नी ने उनकी पत्नी के साथ मारपीट की तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस घटना में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मामले को लेकर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी। अनुसंधान के दौरान नामजद महिला अभियुक्त की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर महिला आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Most Popular

error: Content is protected !!