बेलागंज। छात्राओं को शिक्षा से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान और उनकी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रौना के परिसर में विद्यार्थी सहयोग पोर्टल को लेकर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को पोर्टल की उपयोगिता, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया तथा इसके माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार राय ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि विद्यालय अथवा शिक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसे दबाकर रखने के बजाय विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि पोर्टल का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को उचित मंच उपलब्ध कराना और उनकी शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करना है। छात्राओं को पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के साथ-साथ अपनी समस्या को स्पष्ट रूप से दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। इस दौरान अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि विद्यालय में पढ़ाई, सुविधाओं, संसाधनों अथवा अन्य किसी तरह की परेशानी होने पर वे संबंधित जानकारी पोर्टल के माध्यम से अधिकारियों तक पहुंचा सकती हैं। इससे शिकायतों की निगरानी करने और उनके समाधान की प्रक्रिया को भी सुगम बनाया जा सकेगा। कार्यक्रम में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी निखिल कुमार, जिला से नामित पदाधिकारी ललन कुमार, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रौना के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी शिविर में भाग लिया। अधिकारियों ने शिक्षकों को भी छात्राओं को पोर्टल के प्रति जागरूक करने तथा जरूरत पड़ने पर शिकायत दर्ज कराने में सहयोग करने की अपील की। कस्तूरबा विद्यालय की वार्डन अर्चना कुमारी ने भी छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के संबंध में जानकारी दी और कहा कि किसी भी समस्या को लेकर छात्राएं विद्यालय प्रबंधन से भी संपर्क कर सकती हैं। शिविर के दौरान छात्राओं ने पोर्टल से संबंधित जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। अधिकारियों ने कहा कि छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें त्वरित समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।






