वजीरगंज। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वजीरगंज थाना पुलिस ने शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक टोटो से विदेशी बीयर की खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से टोटो चालक को गिरफ्तार कर लिया। शराब और टोटो को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वजीरगंज पुलिस की कार्रवाई के दौरान वरीय पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि फतेहपुर की ओर से एक टोटो में विदेशी शराब लाकर ले जाई जा रही है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम तरवां रोड स्थित काजीबिगहा मोड़ के पास पहुंची। इसी दौरान पुलिस को देखकर टोटो चालक वाहन रोककर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभेंद्र शर्मा, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी अड़वां, थाना वजीरगंज, जिला गया के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान टोटो की ड्राइवर सीट के नीचे बने बॉक्स से किंगफिशर स्ट्रॉंग प्रेमिअम बीयर बरामद की गई। पुलिस ने कुल 23 पीस बीयर, 500 एमएल की बोतलों में, बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 11.5 लीटर बताई गई है।
वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। टोटो की तलाशी लेने पर विदेशी बीयर बरामद हुई और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बरामद शराब और टोटो को जब्त कर लिया है। शराब के नमूने जांच के लिए सुरक्षित रखे गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।






