Saturday, October 31, 2026
HomeBiharप्रशिक्षण के दौरान छत से गिरा गया का जवान, बक्सर में मौत...

प्रशिक्षण के दौरान छत से गिरा गया का जवान, बक्सर में मौत से गांव में पसरा मातम

वजीरगंज। बिहार पुलिस में प्रशिक्षण ले रहे गया जिले के एक जवान की बक्सर के डुमरांव में छत से गिरने के बाद मौत हो गई। जवान की मौत की खबर जैसे ही उनके गांव पहुंची, परिवार से लेकर पूरे गांव में मातम पसर गया। हर किसी की आंखें नम हैं और लोग जवान के शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
मृतक की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के कारीसोवा निवासी मिथिलेश कुमार सिंह के 24 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, रजनीश कुमार करीब एक माह पूर्व बेगूसराय में पदस्थापित हुए थे। इसके बाद वे पुलिस प्रशिक्षण के लिए बक्सर के डुमरांव पहुंचे थे।
बताया गया कि रविवार को प्रशिक्षण के दौरान करीब दोपहर दो बजे रजनीश कुमार तीसरी मंजिल की छत से नीचे गिर गए। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें बक्सर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में परिवार के घर पहुंचकर शोक व्यक्त कर रहे हैं।
हालांकि, रजनीश कुमार की मौत महज हादसे में हुई या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल गांव के लोगों को जवान के शव के पहुंचने का इंतजार है।

Most Popular

error: Content is protected !!