Sunday, September 13, 2026
HomeBiharमगध की विरासत से रूबरू होगी नई पीढ़ी, पितृपक्ष मेले में ‘मगध...

मगध की विरासत से रूबरू होगी नई पीढ़ी, पितृपक्ष मेले में ‘मगध की पहचान’ पर मंथन

19 सितंबर को सेमिनार के साथ सजेगी सांस्कृतिक संध्या, 400-500 छात्र होंगे शामिल

गया। पितृपक्ष मेला केवल पिंडदान और धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रहेगा। इस बार मेले के दौरान मगध के इतिहास, संस्कृति, भाषा और विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसी उद्देश्य से 19 सितंबर को ‘मगध की पहचान’ विषय पर सेमिनार सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मगध के अतीत से लेकर वर्तमान तक की सांस्कृतिक यात्रा पर मंथन होगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि सेमिनार में मगध के इतिहास एवं विरासत, शिक्षा-संस्कार, अभ्युदय एवं पृष्ठभूमि, कला-साहित्य एवं संगीत तथा मगही भाषा और खान-पान जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। प्रो. मनीष सिन्हा, प्रो. सुभाष झा, डॉ. राम कृष्ण मिश्र, स्वामी वेंकटेश्वराचार्य, श्री श्री विष्णुपाद, मोहन सिंह सिजुआर और प्रो. (डॉ.) के.के. नारायण समेत अन्य वक्ताओं को आमंत्रित किया गया है। मगही भाषा और उसके स्वाद से जुड़े विषय पर डॉ. सच्चिदानंद प्रेमी विचार रखेंगे। नई पीढ़ी को जोड़ने पर जोर आयोजन का खास आकर्षण छात्रों की भागीदारी होगी। करीब 400 से 500 प्लस टू छात्र-छात्राओं की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं चयनित पांच छात्र-छात्राएं निर्धारित विषयों पर अपने विचार रखेंगे। इससे युवाओं को अपनी क्षेत्रीय पहचान, भाषा और विरासत को समझने का अवसर मिलेगा। दोपहर बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और बच्चों की प्रस्तुतियां होंगी। राजेंद्र सिजुआर, गुरुकुल विद्यालय बोधगया के किलकारी के बच्चे, आशुतोष कुमार और जगजीत रौशन सहित अन्य कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे अतिथियों के मंच आगमन से शुरू होगा और शाम पांच बजे प्रतिभागियों के सम्मान तथा बिहार गान के साथ समाप्त होगा। प्रशासन ने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार की भी तैयारी शुरू कर दी है। पितृपक्ष मेले के बीच होने वाला यह आयोजन धार्मिक नगरी गया में मगध की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को एक नए मंच पर सामने लाने की कोशिश माना जा रहा है।

Most Popular

error: Content is protected !!