गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ एवं अन्य सहयोगी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में गया शहर के गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने पकौड़ी बनाकर बेची, युवा कांग्रेस के सदस्यों ने चाय बनाई, जबकि इंटक से जुड़े लोगों ने जूता पॉलिश कर बेरोजगारी के मुद्दे को उठाया। नेताओं ने कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और पेपर लीक जैसी समस्याओं से छात्र-युवा परेशान हैं।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल कुमार, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुनील कुमार पासवान, पूर्व छात्र नेता विपिन बिहारी सिन्हा, एनएसयूआई अध्यक्ष नवनीत कुमार सिंह सहित अन्य नेताओं ने केंद्र सरकार की रोजगार नीतियों की आलोचना की। वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकारों में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति, पेपर लीक पर रोक, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया, शिक्षित बेरोजगारों को भत्ता तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, राम प्रमोद सिंह, बाबूलाल प्रसाद सिंह, शिव कुमार चौरसिया, राजीव कुमार उर्फ लबी सिंह, कमलेश चंद्रवंशी, खिजीर हयात, मुन्ना मांझी, आफताब आलम खान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
