स्कूल परिसर में पेड़ गिरा, बाल-बाल बचे बच्चे।
बेलागंज।लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच शनिवार को प्रखंड के मध्य विद्यालय पाई बिगहा में अचानक विशाल पेड़ गिरने से अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि पेड़ गिरने के समय उसके आसपास कोई छात्र या शिक्षक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने से विद्यालय परिसर में बना साइकिल शेड क्षतिग्रस्त हो गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसी दौरान तेज हवा चलने से विद्यालय परिसर में लगा विशाल पेड़ अचानक गिर पड़ा। पेड़ गिरने से साइकिल शेड को नुकसान पहुंचा है, जबकि अन्य किसी तरह की क्षति नहीं हुई है। घटना के बाद विद्यालय परिसर में मौजूद शिक्षकों और कर्मियों ने स्थिति का जायजा लिया। प्रधानाध्यापक ने बताया कि पेड़ हटाने के साथ क्षतिग्रस्त शेड की मरम्मत जरूरी है। लगातार बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए विद्यालय परिसर में लगे अन्य पेड़ों की सुरक्षा जांच की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है।
