Wednesday, September 30, 2026
HomeBiharसोशल मीडिया पर युवक व महिला मित्र से दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल,...

सोशल मीडिया पर युवक व महिला मित्र से दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल, चार गिरफ्तार

मारपीट व दुर्व्यवहार के मामले में चार विधि-विरुद्ध बालक भी निरुद्ध

गया। सोशल मीडिया पर एक युवक और उसकी महिला मित्र के साथ दुर्व्यवहार एवं मारपीट से संबंधित वीडियो वायरल होने के मामले में शेरघाटी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में चार विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच के साथ आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को शेरघाटी थाना क्षेत्र के महुआडीह पहाड़ी के पास एक युवक और उसकी महिला मित्र के घूमने के दौरान कुछ ग्रामीणों द्वारा युवक के साथ मारपीट एवं दुर्व्यवहार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया। शेरघाटी थाना में पीड़ित के आवेदन के आधार पर कांड संख्या 482/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल आरोपितों की पहचान की और छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में मांझी, उपेंद्र सिंह, प्रदीप राम और दिनेश मांझी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपित शेरघाटी थाना क्षेत्र के महुआडीह के रहने वाले हैं। इसके अलावा चार विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो के लिंक को टेक डाउन कराने के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले का अनुसंधान तेजी से जारी है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Most Popular

error: Content is protected !!