Thursday, October 1, 2026
HomeBiharकोख में पल रही थी जिंदगी, ससुराल में थम गई सांसें... दखिनगांव...

कोख में पल रही थी जिंदगी, ससुराल में थम गई सांसें… दखिनगांव की बेटी रिचा की संदिग्ध मौत पर उठे सवाल

वजीरगंज की  गर्भवती बेटी  की संदिग्ध मौत से परिजनों में  कोहराम


-पिता ने दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप,
बोले-मंगलवार सुबह बात हुई फिर फोन बंद; पुलिस बोली – एफएसएल  जांच जारी, हर पहलू पर हो रही  जांच

वजीरगंज। जिस आंगन में कुछ महीनों बाद किलकारी गूंजनी थी, वहां आज सन्नाटा है। वजीरगंज प्रखंड के दखिनगांव की बेटी रिचा कुमारी (26) की मखदुमपुर के चाढ़ गांव स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से पूरा इलाका स्तब्ध है। बताया जा रहा है कि रिचा 7 से 8 महीने की गर्भवती थी।
चार साल पहले हुई थी शादी-
परिजनों के मुताबिक रिचा की शादी चार साल पहले चाढ़ गांव निवासी कुंदन कुमार के साथ हुई थी। दखिनगांव निवासी पिता रंजीत सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर बेटी को परेशान किया जा रहा था।
पिता ने बताया कि  मंगलवार सुबह बेटी से आखिरी बार बात हुई थी। वो ठीक से बात कर रही थी। कुछ देर बाद फोन लगाया तो स्विच ऑफ बता रहा था। अनहोनी की आशंका से हम चाढ़ पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला।
पिता ने मखदुमपुर थाने में लिखित आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस क्या कह रही है-
मामले में मखदुमपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को चाढ़ गांव भेजा गया। घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ और मोबाइल कॉल डिटेल समेत सभी वैज्ञानिक पहलुओं पर जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अभी तक शव की बरामदगी और मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

एक सवाल जो रह गया…
एक गर्भवती बेटी की संदिग्ध मौत ने एक बार फिर समाज में दहेज और घरेलू सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है। क्या बेटियों की शादी के बाद उनकी कुशलता की जिम्मेदारी सिर्फ मायके की रह जाती है?
फिलहाल पूरे गांव की नजर पुलिस की जांच रिपोर्ट पर टिकी है। परिजन अपनी बेटी के लिए न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

Most Popular

error: Content is protected !!