गुरारू। बिहार श्रमजीवी पत्रकार संघ की जिला स्तरीय बैठक रविवार को गुरारू प्रखंड के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जगातीबर डीहा में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रंजन सिन्हा ने की। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकारों के हितों की सुरक्षा, सदस्यता अभियान तथा विभिन्न पत्रकारिता संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास पर बल दिया। साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।
बैठक समाप्त होने के बाद पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर स्थित स्टेडियम में पौधारोपण किया गया। इसके उपरांत पत्रकारों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच 12-12 ओवर का मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया, जो काफी रोमांचक रहा।
प्रशासनिक टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पत्रकार एकादश ने निर्धारित 12 ओवर में 124 रन बनाए। जवाब में प्रशासन एकादश ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अंतिम ओवर में एक गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 विकेट से मुकाबला जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
प्रशासन की जीत में गुरारू बीडीओ संभव कुमार सिंह, टिकारी एसडीएम प्रवीण कुंदन एवं डीएसपी सुशांत कुमार चंचल की शानदार बल्लेबाजी निर्णायक साबित हुई। वहीं पत्रकार टीम की कप्तानी रत्नेश कुमार एवं धर्मेंद्र मिश्रा ने की, जबकि प्रशासनिक टीम का नेतृत्व एसडीएम प्रवीण कुंदन और डीएसपी सुशांत कुमार चंचल ने संभाला।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बड़ी भागीदारी रही। पूरे आयोजन में संगठनात्मक एकता, खेल भावना और आपसी सौहार्द की मिसाल देखने को मिली।
इस अवसर पर रंजन सिन्हा, कमलेश सिंह, एलेन लीली, कुमुद रंजन, राजीव रंजन सिंह, प्रभात कुमार मिश्रा,डी.के. यादव, आलोक कुमार, अविनाश कुमार, दिग्विजय सिंह, श्रीनिवास कुमार, नवलेश द्विवेदी, जितेंद्र मिश्रा, रामाश्रय प्रसाद, सुदर्शन कुमार, सुमित कुमार, अजीत कुमार, अमित यादव, सूबेदार यादव, महताब अंसारी, जय प्रकाश सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
