आमस । उत्पाद थाना शेरघाटी की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आमस थाना क्षेत्र के नारायणपुर फोरलेन के पास एक चार पहिया वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक स्वीफ्ट डिजायर कार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 354 लीटर विदेशी शराब (1,348 बोतल) बरामद की गई।
मौके से गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सागर सिंह (23 वर्ष), पिता विनोद कुमार सिंह, निवासी बाड़ालालपुर, थाना शिवपुर, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में की गई है।
उत्पाद विभाग ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है तथा गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और शराब तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
छापेमारी दल में अवर निरीक्षक स्नेहा कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक मो. हाबिल सहित गृह रक्षक बल के जवान शामिल थे।
