बेलागंज। 13 सूत्री मांगों को लेकर भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बेलागंज प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गरीब, भूमिहीन, मजदूर, वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की। धरना के बाद भाकपा माले के प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ संजय कुमार राय एवं अंचल अधिकारी सुधीर कुमार तिवारी से मिलकर मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सभी भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल वास भूमि का पर्चा देने तथा आवास की गारंटी करने की मांग की। वहीं राशन कार्ड से हटाए गए लोगों के नाम जोड़ने, जरूरतमंदों का नया राशन कार्ड बनाने तथा दाल, सरसों तेल समेत अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग रखी। कार्यकर्ताओं ने नल-जल योजना के तहत तकनीकी खराबी से बंद पड़े जलापूर्ति केंद्रों की मरम्मत कराने, सरकारी स्कूलों को नवोदय विद्यालय की तर्ज पर विकसित करने, सभी पर्चाधारियों की रसीद काटने और दखल-कब्जा दिलाने की मांग की। वृद्ध, दिव्यांग एवं विधवा लाभुकों को तीन हजार रुपये मासिक पेंशन तथा जी-राम-जी योजना के तहत सालभर काम और 700 रुपये दैनिक मजदूरी देने की भी मांग की गई। सभा को जिला कमिटी सदस्य निरंजन जी, मो. शेरजहां, प्रखंड सचिव सूर्यविलास पासवान एवं मंटू पासवान ने संबोधित किया। अधिकारियों ने मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।






