बेलागंज।चाकंद थाना क्षेत्र के पीरबिगहा गांव में महज मजदूरी की 200 रुपया बकाया राशि मांगना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। गांव के ही ठेकेदार के यहां काम करने वाले 30 वर्षीय इरफान साह की ईंट, डंडा और पाइप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में उसका छोटा भाई मो. रिजवान भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज गया के अस्पताल में चल रहा है। परिजनों के अनुसार इरफान साह काफी दिनों से अपनी मजदूरी की रकम मांग रहा था। मंगलवार की शाम वह अपने भाई के साथ ठेकेदार मोइन साह के घर बकाया राशि लेने पहुंचा था। इसी दौरान मजदूरी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ठेकेदार मोइन साह, कय्यूम शाह समेत परिवार के अन्य लोगों ने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक आरोपियों ने इरफान साह पर ईंट, डंडा और नल-जल योजना में इस्तेमाल होने वाले पाइप से ताबड़तोड़ हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई को भी बेरहमी से पीटा गया। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इरफान साह को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी रवि प्रकाश, चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार और बेलागंज अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद आरोपी परिवार घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
