गया। किलकारी बिहार बाल भवन, गया में रविवार को आयोजित ‘संडे का फंडा’ कार्यक्रम में सैकड़ों बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना पर आधारित शास्त्रीय नृत्य से हुआ, जिसमें खुशी कुमारी एवं कुमकुम कुमारी ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सीआरपी सोनम कुमारी ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों का उत्साह और समर्पण देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों का यही जुनून बना रहा तो वे भविष्य में बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।
इसके बाद लगभग 60 बच्चों ने एक साथ “बरसो रे मेघा मेघा” गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं संबलपुरी नृत्य की प्रस्तुति में ईशिका कुमारी, अनन्या कुमारी, श्रेसिका, सृष्टि, खुशी, वीरा कुमारी, मिष्टी, सारिका एवं कोमल कुमारी ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में किलकारी के वरिष्ठ बच्चों रौशन कुमार, उत्तपाल कुमार सिंह, प्रियांशु कुमार सहित अन्य बच्चों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव ने बच्चों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि बच्चे इसी प्रकार निरंतर सीखते और अभ्यास करते रहे तो निश्चित रूप से जीवन में एक अच्छा मुकाम हासिल करेंगे।
सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी आकाश कुमार ने बच्चों से नियमित रूप से किलकारी आने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे उनकी कला, आत्मविश्वास और सीखने की क्षमता का निरंतर विकास होगा।
इस अवसर पर क्राफ्ट प्रशिक्षक पिंटू कुमार, नाटक प्रशिक्षक नंदकिशोर कुमार, संगीत प्रशिक्षक श्वेता कुमारी, कथक प्रशिक्षक अंजली कुमारी तथा नृत्य प्रशिक्षक गौतम कुमार सहित कई प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
नृत्य प्रशिक्षक गौतम कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में मंच पर प्रस्तुति देने का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव ने सभी बच्चों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं धन्यवाद दिया।
