वजीरगंज।प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, यह एक बार फिर साबित कर दिखाया है वजीरगंज प्रखंड के पुरा गांव के मेधावी छात्र निशांत कुमार ने। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी एनटीए द्वारा घोषित नीट यूजी 2026 के परिणाम में निशांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। निशांत कुमार ने देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में 720 अंकों में से 601 अंक प्राप्त किए हैं। अखिल भारतीय स्तर पर सामान्य वर्ग में उन्होंने 9779वीं रैंक और ईडब्लूएस वर्ग में 1066वीं रैंक हासिल की है। इस शानदार सफलता के साथ अब निशांत का किसी प्रतिष्ठित सरकारी मेडिकल कॉलेज में दाखिला तय माना जा रहा है, जिससे डॉक्टर बनने का उनका सपना साकार होने की राह आसान हो गई है। निशांत के पिता मनोज कुमार और शिक्षिका माता ममता कुमारी बेटे की इस उपलब्धि से बेहद गौरवान्वित हैं। खबर मिलते ही पुरा गांव में खुशी का माहौल है और हर कोई निशांत की इस कामयाबी की सराहना कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संसाधनों की कमी के बावजूद निशांत की कड़ी मेहनत और लगन ने यह साबित कर दिया कि गांव के बच्चे भी बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं।
