बेलागंज। बेलागंज थाना पुलिस ने SC/ST एक्ट से जुड़े एक लंबित मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पिंटु यादव, पिता अर्जुन यादव, निवासी साकिर बिगहा, थाना बेलागंज, जिला गया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2025 को वादी द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया था कि सड़क ढलाई कार्य के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन पर सवार कुछ लोग बैरियर हटाकर वाहन ले जाने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर पिंटु यादव एवं उसके सहयोगियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज और मारपीट की थी।
इस मामले में बेलागंज थाना कांड संख्या 598/25, दिनांक को 19.10.2025 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, लंबित मामलों में वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उक्त अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने कहा है कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा शेष फरार अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।
