वजीरगंज। वजीरगंज के विद्यार्थियों के लिए रविवार का दिन शिक्षा के क्षेत्र में नई उम्मीद लेकर आया। श्री रामानुग्रह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में नवनिर्मित मॉडल स्कूल का विधिवत शुभारंभ किया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री के वर्चुअल संबोधन और सामूहिक उद्घाटन के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे स्थानीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शिलालेख का अनावरण कर विद्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी विद्यालय परिसर में किया गया, जिसे बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने देखा।
उद्घाटन समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह, थानाध्यक्ष नीरज कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रेणु कुमारी, प्रधानाध्यापक अमरनाथ सिंह, नगर पंचायत मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अमर शंकर, प्रखंड कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष महेश सिंह, वार्ड पार्षद मधुकर जी मधु, कमला प्रसाद सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित शिक्षक, शिक्षाविद, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मॉडल स्कूल की स्थापना से वजीरगंज के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधन, बेहतर शिक्षण वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे और उन्हें उच्च स्तर की शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। समारोह के अंत में विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य और विद्यार्थियों की सफलता की कामना की गई। इस मॉडल स्कूल में नये मॉडल टीचर के रूप में जितेंद्र कुमार ,सुगंधि कुमारी ,रिंकी कुमारी एवं विजय कुमार योगदान किये हैं |
इस समारोह में बड़ी संख्या शिक्षक ,शिक्षाविद एवं छात्र छात्राएं उपस्थित थे |
