बेलागंज।प्रखंड के शेखपुरा गांव में बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हनुमत प्राण प्रतिष्ठा सह श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पांच सौ से अधिक महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक शोभायात्रा में भाग लिया। जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। कलश यात्रा यज्ञ स्थल से निकलकर कचनपुर स्थित काली मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने कचनपुर तालाब से जलभरी कर कलश में पवित्र जल भरा। इसके बाद श्रद्धालु पुनः यज्ञ मंडप पहुंचे, जहां विधिवत अनुष्ठान के साथ यज्ञ का शुभारंभ हुआ। यज्ञ समिति के अनुसार यह धार्मिक आयोजन 2 जुलाई से 8 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन वैदिक अनुष्ठान, हवन-पूजन, भजन-कीर्तन तथा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा।कतरासीन मठाधीश स्वामी रामप्रपन्नाचार्य जी महाराज प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का प्रवचन करेंगे। समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण एवं धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने की अपील की है। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
