न पक्की सड़क, न नाली,
-न शुद्ध पेयजल, बरसात में कीचड़ से चलना दूभर
वज़ीरगंज। प्रखंड के केनार-फतेहपुर पंचायत स्थित हीरोडीह गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से महरूम है। आज़ादी के 78 साल बाद भी यहां न पक्की सड़क है, न नाली और न ही समुचित पेयजल की व्यवस्था।
ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य सड़क कच्ची होने से बरसात में कीचड़ व जलजमाव हो जाता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों व मरीजों को आवागमन में परेशानी होती है। कई बार लोग फिसलकर घायल हो चुके हैं।
गांव में पक्की नाली नहीं होने से घरों का गंदा पानी सड़क पर बहता है। गंदगी व दुर्गंध से मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है और बीमारी का खतरा मंडरा रहा है। शुद्ध पेयजल नहीं मिलने से भी लोग परेशान हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार प्रखंड कार्यालय में आवेदन देने पर सिर्फ आश्वासन मिला, काम शुरू नहीं हुआ।धनु मांझी, चनेसर मांझी, चंदन कुमार, करन कुमार, राहुल मांझी, बालमुकुंद मांझी सहित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क, नाली व पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की है।
