Saturday, July 4, 2026
HomeBiharअपहरण मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी...

अपहरण मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

बेलागंज।बेलागंज थाना क्षेत्र की एक युवती के अपहरण मामले में पुलिस ने मुख्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नालंदा जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के खानापुर गांव निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पिछले माह थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ट्यूशन पढ़ने के लिए बेलागंज बाजार आई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर युवती की मां ने बेलागंज थाना में लिखित आवेदन देकर अमित कुमार समेत छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि आवेदन मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को सकुशल बरामद कर लिया था। इसके बाद गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर शनिवार को मुख्य आरोपी अमित कुमार को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और अनुसंधान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Most Popular

error: Content is protected !!