पुलिस हिरासत में 3 संदिग्ध, पोस्टमार्टम के लिए गया भेजा गया शव
वज़ीरगंज। थाना क्षेत्र में वाहन चालक की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गया के मानपुर प्रखंड बुनियादगंज निवासी रौशन कुमार उर्फ रॉकेट के रूप में हुई है।
3 जुलाई की देर रात ग्रामीणों ने पूनावां में एक चारपहिया वाहन के साथ 3 युवकों को संदिग्ध हालत में पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने वाहन सहित तीनों को हिरासत में ले लिया।
4 जुलाई की सुबह रौशन के परिजनों ने थाने में आवेदन देकर बताया कि रौशन 3 जुलाई की शाम वाहन लेकर निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटा और मोबाइल बंद था। परिजनों ने आशंका जताई कि पकड़े गए युवकों ने उनके पुत्र के साथ अनहोनी की है।
इसी बीच पूनावां गांव स्थित बगाही पहाड़ के पीछे रौशन का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल गया भेजा।घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने गया–राजगीर राष्ट्रीय उच्च मार्ग 82 को जाम कर दिया। मांग की कि आरोपियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच व मुआवजा मिले। जाम से सड़क पर लंबी कतार लग गई।थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि 3 युवकों से पूछताछ हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
