Friday, April 17, 2026
HomeBiharबेलागंज में अवैध बालू खनन पर बड़ी कार्रवाई: 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, माफियाओं...

बेलागंज में अवैध बालू खनन पर बड़ी कार्रवाई: 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, माफियाओं में हड़कंप

गया जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गया के निर्देश पर विधि व्यस्था डीएसपी रवि प्रकाश सिंह के नेतृत्व में चंदौती, मेन एवं पाई बीघा थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने बेलागंज थाना क्षेत्र के बरैनी घाट पर अहले सुबह करीब 4:00 बजे विशेष छापेमारी अभियान चलाया।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बरैनी घाट के रास्ते बड़े पैमाने पर अवैध बालू का खनन और परिवहन किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया। अचानक हुई इस दबिश से मौके पर मौजूद बालू माफियाओं में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 11 ट्रैक्टर और ट्रॉली को जब्त किया, जिनका उपयोग अवैध बालू ढुलाई में किया जा रहा था। जब्त किए गए वाहनों को संबंधित थानों में लाकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन वाहनों के मालिक कौन हैं और इनके पीछे किन माफियाओं का नेटवर्क सक्रिय है।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि गया जिले में अवैध बालू खनन लंबे समय से एक गंभीर समस्या बनी हुई है। इसमें शामिल माफियाओं की एक लंबी श्रृंखला है, जो प्रशासनिक सख्ती के बावजूद लगातार सक्रिय रहते हैं। हालांकि, हाल के दिनों में पुलिस और प्रशासन द्वारा लगातार छापेमारी और सख्त कार्रवाई के कारण इनके खिलाफ दबाव बढ़ा है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें संलिप्त लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और आम लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है। वहीं, बालू माफियाओं के बीच डर का माहौल देखा जा रहा है।

Most Popular

error: Content is protected !!