Tuesday, March 3, 2026
HomeBiharवजीरगंज के घुरियावां जोकहरी में बच्चा डूबा, देर संध्या तक नदी में...

वजीरगंज के घुरियावां जोकहरी में बच्चा डूबा, देर संध्या तक नदी में खोजते रहे लोग

वजीरगंज। वजीरगंज के घुरियावां में गुरूवार की दोपहर कारू चौधरी का 12 वर्षीय पुत्र सुरज कुमार जोकहरी नदी में डूब गया, जिसकी तलाश देर संध्या तक होते रही परन्तु उसका पता नहीं चल पाया। मिली जानकारी के अनुसार वह उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 7वीं कक्षा का छात्र है, जो विद्यालय में शिक्षकों को चकमा देकर नदी के तरफ चला गया था। ग्रामीणों ने बताया कि उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसे ढूंढने निकल पड़े, कुछ लोगों ने उसे नदी के तरफ जाने की सूचना दी, जिसके बाद उसकी खोज नदी में शुरू हो गई। ग्रामीण शिक्षकों पर लापरवाही का अरोप लगाते हुए आक्रोशित हो गये और वर्ग अध्यापक को बुलाने तक अन्य सभी शिक्षकों को कमरे में बंद रखा। कुछ समय बाद मौके पर पुलिस पहुंची तथा ग्रामीणों को समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों की सहायता से समझाकर शिक्षकों को मुक्त कराते हुए उन्हें अपने घर भेजा।
थानाध्यक्ष वेंकटेश्वर ओझा ने बताया कि गोताखोरों ने बच्चे की तलाश की है, परन्तु वह नहीं मिल सका। शुक्रवार को एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की टीम फिर से बच्चे की तलाश करेंगे। वहीं शिक्षकों को सकुशल स्कूल से निकालकर भेज दिया गया है एवं पुलिस बल मौजूद है। वहीं पैक्स अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने विद्यालय प्रबंधन की कमी एवं पंचायत सरकार भवन निर्माण के संवेदक पर आरोप लगाते हुए कहा कि संवेदक ने नदी से मिट्टी निकाल लिया, जिससे नदी घटनास्थल पर गहरा हो गया और आज उसमें बच्चा डूब गया। संबंधित दोषियों पर जांच कर कार्रवाई होनी चाहिये। वहीं घटना स्थल पर देर रात तक ग्रामीणों का जमावड़ा लगा रहा। खबर लिखे जाने तक बच्चे का पता नहीं चल पाया है। मौके पर पंचायत मुखिया प्रकाश चौधरी एवं मुखियाध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ डब्लू यादव पहुंचकर बच्चे की खोज में सहायता करते रहे तथा परिजनों ढ़ाढ़स बंधाते रहे।

Most Popular

error: Content is protected !!