एएनएम और सीएचओ की टीम ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, लोगों को दिया गया स्वास्थ्य संबंधी परामर्श
वजीरगंज।स्वास्थ्य विभाग के सौजन्य से अढ़वां गांव में बुधवार को टीबी (क्षय रोग) स्क्रीनिंग एवं एनसीडी (गैर-संचारी रोग) जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य टीबी, मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं अन्य गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान कर ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कुल 164 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान ग्रामीणों का वजन, रक्तचाप, शुगर की जांच के साथ-साथ टीबी के लक्षणों की स्क्रीनिंग भी की गई।
कार्यक्रम में एएनएम नीलम कुमारी, एएनएम सूर्यकांती कुमारी एवं सीएचओ विभा रानी ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए मरीजों की जांच की। साथ ही ग्रामीणों को साफ-सफाई, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के संबंध में आवश्यक परामर्श एवं जानकारी दी गई।शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे सफल बनाने में सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि शरीर में किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सीएचसी से संपर्क करें और नियमित जांच कराते रहें।
