बेलागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के पाली गांव के समीप मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नेवारी के बड़े-बड़े पुंज में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज थाना की अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। मगर दमकलकर्मियों को काफी प्रयास के बावजूद आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से दमकल गाड़ियों को बुलाया गया है, ताकि आग को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जा सके। स्थानीय ग्रामीण भी बाल्टी और पानी के अन्य साधनों के जरिए आग बुझाने में सहयोग करते नजर आए। जानकारी के अनुसार जली हुई नेवारी का पुंज विजय सिंह का बताया जा रहा है, जो इसे व्यवसायिक उपयोग के लिए इकट्ठा कर रखे थे। आग लगने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
