कोचिंग से नहीं लौटीं, परिजनों ने अपहरण की जताई आशंका वजीरगंज।वजीरगंज थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बच्चियों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। बच्चियों के परिजनों ने वजीरगंज थाना में आवेदन देकर खोजबीन की गुहार लगाई है।आवेदन के अनुसार बीते शनिवार की सुबह करीब 9 बजे क्षेत्र की 13 वर्षीय एक बच्ची और दूसरे गांव की 14 वर्षीय किशोरी घर से कोचिंग के लिए निकली थीं। दोनों एक साथ ही निकली थीं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास, रिश्तेदारों और कोचिंग सेंटर पर तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों ने संभावना जताई है कि दोनों को बहला-फुसलाकर कहीं ले जाया गया है और उनका अपहरण किया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से दोनों बच्चियों की शीघ्र बरामदगी, मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।इस संबंध में थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बच्चियों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है।
