बेलागंज।भाजपा के संगठन विस्तार अभियान के तहत केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय गुरुवार को बेलागंज पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने मुबारकपुर महादलित टोला स्थित बूथ संख्या-125 के बूथ अध्यक्ष रघुनी मांझी के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और चाय पर चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। संगठन की सफलता और जनसंपर्क का आधार जमीनी कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने हमेशा बूथ कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और उन्हें संगठन की मुख्यधारा में रखने का काम किया है। मंत्री ने बूथ अध्यक्ष और उनके परिवार के साथ समय बिताते हुए संगठनात्मक गतिविधियों एवं स्थानीय मुद्दों की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियान को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा, एमएलसी जीवन कुमार, जिलाध्यक्ष विजय मांझी, जिला महामंत्री अशोक शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंत्री के आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया।
