गयाजी।नोबेल शांति पुरस्कार भारत रत्न पद्मश्री से सम्मानित मदर टेरेसा जी की जयंती पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मदर टेरेसा का जीवन करुणा, सेवा और मानवता का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के गरीब, असहाय, बीमार और उपेक्षित वर्ग की सेवा में समर्पित कर दिया।मदर टेरेसा ने कोलकाता में मिशनरीज ऑफ चैरिटी की स्थापना की, जिसका उद्देश्य समाज के सबसे कमजोर और जरूरतमंद लोगों की निःस्वार्थ सेवा करना था। उन्होंने न केवल भारत में बल्कि पूरे विश्व में मानवता का संदेश दिया। उनके द्वारा किए गए कार्यों ने यह सिद्ध कर दिया कि सेवा और दया ही सच्चे धर्म का प्रतीक है। उनके निस्वार्थ योगदान और अद्वितीय सेवाभाव के लिए भारत सरकार ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया। साथ ही उन्हें शांति का नोबेल पुरस्कार भी प्राप्त हुआ, जो उनके वैश्विक व्यक्तित्व और मानवीय सेवा का प्रमाण है।
डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि आज जब समाज में स्वार्थ और भौतिकता की दौड़ बढ़ रही है, तब मदर टेरेसा का जीवन हम सबको प्रेरणा देता है कि हमें मानवता की सेवा को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने अपने कार्यों से यह सिखाया कि किसी भी धर्म, जाति या समुदाय से ऊपर उठकर इंसानियत की सेवा ही सच्ची साधना है।
डॉ. मिश्रा ने संकल्प लिया कि वे भी अपने जीवन में समाज के गरीब और असहाय वर्ग की मदद के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। मदर टेरेसा की जयंती पर उनके आदर्शों को आत्मसात करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।












